हनुमानगढ़ के तैराकों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चमकाया नाम

156

-चार स्वर्ण, पांच रजत व दो कांस्य पदक जीत बढ़ाया मान
हनुमानगढ़। संगरिया में आयोजित 30वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय विद्यालयी तैराकी प्रतियोगिता (छात्र/छात्रा वर्ग) का समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के 20 से अधिक विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में उत्तम पब्लिक स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय टीम ने कुल चार स्वर्ण पदक, पांच रजत पदक तथा दो कांस्य पदक अपने नाम किए। विद्यालय टीम प्रभारी व कोच संजय सूर्यवंशी ने जानकारी दी कि विद्यालय की छात्राओं आराध्या नारंग, क्रिस्टल, हरगुन कौर और कोनिका ने 4 गुणा 100 मीटर रिले इवेंट में शानदार तैराकी कर स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसी प्रकार छात्र वर्ग में आरव धींगड़ा, विश्व प्रताप सिंह राजावत, अथर्व नारंग और गिरीश ने 4 गुणा 100 मीटर रिले इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रजत पदक अपने नाम किया।
व्यक्तिगत इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आरव धींगड़ा ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले इवेंट में रजत पदक जीता। गिरीश ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया, वहीं छात्रा कोनिका ने भी 100 मीटर बैकस्ट्रोक इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल मिलाकर 11 पदकों पर कब्जा कर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
विद्यालय निदेशक कविंद्र सिंह शेखावत और प्राचार्य विवेक राज ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।