जॉन नंबर 29 से कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव प्रेमराज नायक ने दाखिल किया नामांकन

42

-सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक बोले- पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए निभाएंगे अहम भूमिका, प्रधान व प्रमुख बनाने का लक्ष्य
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद सदस्य पद के लिए जॉन नंबर 29 से कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव प्रेमराज नायक ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के दौरान कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नामांकन के साथ ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां बढ़ गई हैं।
इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि कांग्रेस इस बार पंचायतीराज चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी का लक्ष्य जिला परिषद में प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान बनाना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में कांग्रेस सेवादल की अहम भूमिका रहेगी। सेवादल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ चुनाव में संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।
अश्विनी पारीक ने कहा कि चुनाव में संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण रहती है। कांग्रेस सेवादल जिले में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे और पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमराज नायक ने जिला परिषद के जॉन नंबर 29 से प्रत्याशी बनाए जाने पर कांग्रेस के शीर्ष एवं स्थानीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताकर चुनाव लड़ने का अवसर दिया है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
नायक ने कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी बनाए जाने को अपने लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए चुनाव में सक्रियता से जुटने की बात कही। उनके नामांकन दाखिल करने के साथ ही क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों ने गति पकड़ ली है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।