-भक्तिमय वातावरण में जगमगाया मंदिर परिसर, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
हनुमानगढ़। टाउन स्थित नई धानमंडी के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में देव दीपावली के अवसर पर रात्रि को भव्य दीपमाला का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर महिला सत्संग मंडल एवं श्री फुडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। पूर्णिमा की पावन रात्रि में मंदिर परिसर दीपों की लौ से जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिभाव से ओतप्रोत हो गया। सैकड़ों दीपों से सजाए गए मंदिर के दृश्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री लक्ष्मी नारायण भगवान की आरती एवं भजन संध्या से हुई, जिसमें महिला सत्संग मंडल की सदस्यों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। आरती के बाद मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
महिला सत्संग मंडल की विमला करवा ने बताया कि देव दीपावली का पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है और यह दिन काशी में मनाए जाने वाले दीपोत्सव की तरह ही हर्षोल्लास से मनाया जाता है। मंदिर परिसर को फूलों, रंगीन झालरों और रोशनियों से सजाया गया था। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, भक्ति और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन खदरीया, सचिव जितेन्द्र कन्दोई, फुडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला, सचिव सन्नी जुनेजा, उपाध्यक्ष संजय सर्राफ, सहसचिव रजत किरोड़ीवाल एवं कोषाध्यक्ष ईशान चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती के साथ दीपमाला का समापन हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि नगर में सुख, समृद्धि और सद्भाव का वातावरण बना रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































