– पुरुष वर्ग में स्टार हॉकी व महिला वर्ग में मालवा हॉकी रही विजेता, पूर्व खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
हनुमानगढ़। भारतीय हॉकी के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को हॉकी हनुमानगढ़ की ओर से राजीव गांधी स्टेडियम में भव्य हॉकी सेंचुरी सेलिब्रेशन मनाया गया। इस अवसर पर पुरुष और महिला वर्ग के बीच मैत्री हॉकी मैचों का आयोजन किया गया, साथ ही जिले के पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन खेल भावना, राष्ट्रीय गौरव और हॉकी के स्वर्णिम इतिहास को समर्पित रहा।
हॉकी राजस्थान के कोषाध्यक्ष एवं हॉकी हनुमानगढ़ के अध्यक्ष मलकीत सिंह मान ने बताया कि भारतीय हॉकी ने 100 वर्षों की अपनी गौरवशाली यात्रा में दुनिया को अपनी प्रतिभा से प्रभावित किया है। भारत ने हॉकी के इतिहास में अब तक 8 ओलंपिक स्वर्ण पदक, एक रजत और चार कांस्य पदक जीतकर स्वर्णिम अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि “भारतीय हॉकी की यह शताब्दी न केवल खेल के लिए, बल्कि देश के गौरव और एकता के प्रतीक के रूप में भी यादगार है।”
हॉकी हनुमानगढ़ के सचिव हरवीर सिंह ने बताया कि इस अवसर पर पुरुष और महिला दोनों वर्गों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग के मैच में भटनेर हॉकी क्लब और स्टार हॉकी हनुमानगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें स्टार हॉकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। वहीं, महिला वर्ग में खालसा हॉकी क्लब और मालवा हॉकी क्लब के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मालवा हॉकी ने 2-0 से जीत हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय हॉकी की 100 वर्षों की उत्कृष्टता का जश्न मनाते हुए हॉकी हनुमानगढ़ और मालवा हॉकी अकादमी की ओर से जिले के पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मंच पर उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने मिलकर 100 वर्ष पूर्ण होने पर केक काटकर हॉकी के स्वर्णिम इतिहास का उत्सव मनाया। खिलाड़ियों ने इस अवसर को “हॉकी के पुनर्जागरण का पर्व” बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































