भारत विकास परिषद् की मुहिम—“हर कोने में जल स्रोत, बेजुबानों को जीवन का संबल
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् नगर इकाई हनुमानगढ़ ने सराहनीय पहल करते हुए रविवार को सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन में 31 परिंडे लगाए। इस सेवा कार्य के माध्यम से पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कर पर्यावरण संरक्षण और जीव दया का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संस्था सचिव अशोक सुथार ने बताया कि यह अभियान जिला कलेक्टर खुशाल यादव के प्रेरणादायक संदेश से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि परिषद् का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में उनकी जान बचाई जा सके।
प्रांतीय उपाध्यक्ष ओम बिजारणिया ने कहा कि बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे लगाना एक अत्यंत पुण्य और मानवीय सेवा है। यह कार्य न केवल जीवों के प्रति करुणा दर्शाता है, बल्कि समाज को भी सकारात्मक संदेश देता है।
जिला समन्वयक कपिल कालड़ा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस सेवा कार्य को जन-आंदोलन का रूप दें और अपने घरों, मोहल्लों तथा सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों के जीवन को बचाने में योगदान दें।
परिषद् के वरिष्ठ सदस्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बठला ने बताया कि एक परिंडे से प्रतिदिन लगभग 10 से 15 पक्षी पानी पीते हैं। इस प्रकार एक माह में 400 से 500 पक्षियों को और एक वर्ष में लगभग 1500 पक्षियों को पानी उपलब्ध हो सकता है।
पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र स्वामी ने कहा कि परिषद् की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और इसे और अधिक विस्तार दिया जाएगा। वहीं अध्यक्ष अनिल कौशिक ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि पक्षियों को निरंतर पानी मिल सके।
वित्त सचिव गौरव उपनेजा ने सभी से परिंडों में नियमित रूप से जल भरने का आह्वान किया, जबकि पर्यावरण संयोजक रोहित शर्मा ने दूरदराज क्षेत्रों में भी इस अभियान को फैलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शहरों में तालाब और जल स्रोत कम होते जा रहे हैं, जिससे पक्षियों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































