– टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी सुमित रणवां के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, विधायक ने 11 सितंबर को विकास के नाम पर मतदान की अपील की
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 07 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टीम गणेशराज बंसल के प्रत्याशी सुमित रणवां के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल एवं वार्ड के गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी, समर्थक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में आगामी 11 सितंबर को टीम गणेशराज बंसल के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई।
इस मौके पर प्रत्याशी सुमित रणवां ने वार्ड में पिछले पांच वर्षों के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को विस्तार से बताते हुए कहा कि पांच वर्ष पूर्व वार्ड की स्थिति काफी अलग थी। वार्ड की लगभग सभी सड़कें टूटी हुई थीं और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते थे। पार्कों में भी अव्यवस्था का माहौल बना रहता था। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने वार्डवासियों से वादा किया था कि वार्ड को चमन बनाया जाएगा और आज विकास कार्यों के माध्यम से उस वादे को पूरा करने का प्रयास किया गया है।
सुमित रणवां ने कहा कि वर्तमान में वार्ड में एक भी ऐसी प्रमुख सड़क नहीं है जो टूटी हुई हो। सड़कों की सुंदरता और व्यवस्थित स्वरूप अब वार्ड की पहचान बन चुका है। पार्कों में झूलों के साथ साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास जहां पहले गंदगी के ढेर नजर आते थे, वहां ग्रीन बेल्ट के साथ सुंदर पार्क विकसित किए गए हैं। इन कार्यों से वार्ड का वातावरण बेहतर हुआ है और लोगों को स्वच्छ एवं सुंदर माहौल मिला है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































