गोपाष्टमी पर गौशाला में सजेगा आस्था और भक्ति का अनूठा संगम

42

– गौपूजन, महिला संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ और 108 दीपों से होगी महाआरती, तैयारियों को लेकर सौंपी जिम्मेदारियां
हनुमानगढ़।
जंक्शन के अबोहर बाईपास स्थित गौशाला सेवा समिति की ओर से गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंगलवार, 17 नवंबर को गौशाला परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पूरे गौशाला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा दीपमाला और 108 दीपों से होने वाली महाआरती पर्व के मुख्य आकर्षण रहेंगे। आयोजन को लेकर रविवार को गौशाला परिसर में समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
समिति के अनुसार गोपाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सर्वप्रथम संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गौमाता का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। सुबह से प्रभु इच्छा तक श्रद्धालु गौमाता की पूजा कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। इस दौरान गौमाता को तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं अर्पित कर एवं पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक पूजा की जाएगी।
धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक श्री गौशाला सेवा समिति महिला संकीर्तन मंडल की ओर से भजन-कीर्तन किया जाएगा। महिला मंडल की सदस्याएं भजनों के माध्यम से गौमाता की महिमा का गुणगान करेंगी। इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे शहर की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से हनुमान जी की आराधना करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।