राम कथा के तीसरे दिन प्रभु श्रीराम के आदर्शों और भक्ति की महिमा का हुआ भावपूर्ण वर्णन

40

-कथा वाचक गोविंद दास महाराज की अमृतवाणी से भक्तिमय हुआ माहौल, श्रद्धालु हुए भावविभोर
हनुमानगढ़।
टाउन की आदर्श कॉलोनी स्थित श्री सिद्धेश्वर सुन्दरकाण्ड बालाजी धाम में आयोजित दिव्य श्रीराम कथा एवं श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तीसरे दिन रविवार को पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया। ऋषिकेश से पधारे कथा वाचक पूज्य गोविंद दास महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करवाते हुए भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों, मर्यादा और भक्ति की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मानव समाज के लिए आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में प्रत्येक परिस्थिति में मर्यादा, सत्य, त्याग, धैर्य और कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य को अपने धर्म और कर्तव्य के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम कथा केवल सुनने का विषय नहीं है, बल्कि इसके प्रत्येक प्रसंग को अपने जीवन में आत्मसात करना ही सच्ची भक्ति है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर व्यक्ति अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।