पटवारी को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट करने का आरोप, पटवार संघ ने की कार्रवाई की मांग

47

*-पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को निलंबित कर निष्पक्ष जांच करवाने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी*
हनुमानगढ़। पटवारी श्री देवीलाल के साथ सूरतगढ़ में कथित मारपीट और अवैध हिरासत में रखने के मामले को लेकर राजस्व पटवार संघ में रोष व्याप्त है। पटवार संघ के जिलाध्यक्ष अमर दहिया के नेतृत्व में संघ पदाधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज, बीकानेर के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो राजस्व पटवारी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि तहसील पीलीबंगा में कार्यरत राजस्व पटवारी देवीलाल अपनी पत्नी को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। दोनों पति-पत्नी स्कूटी पर सूरतगढ़ चिकित्सालय जा रहे थे। इस दौरान पटवारी ने जल्दबाजी में हेलमेट नहीं पहना हुआ था। संघ के अनुसार, मौके पर मौजूद सूरतगढ़ की थानाधिकारी कलावती और अन्य पुलिसकर्मियों ने हेलमेट नहीं पहनने पर नियमानुसार चालान करने के बजाय उन्हें कथित रूप से जबरन पकड़कर थाने ले गए।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि थाने में देवीलाल को अवैध रूप से हिरासत में रखा गया तथा उनके साथ गंभीर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। पटवार संघ ने इस घटना को अनुचित बताते हुए कहा कि कानून का पालन करवाने के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है। संघ का कहना है कि इस घटना से राजस्व विभाग के पटवारियों और कर्मचारियों में आक्रोश है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।