भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ 15 दिवसीय श्रीरामलीला का हुआ भव्य समापन

55

-हनुमान जी ने सीना चीरकर कराए प्रभु श्रीराम के दर्शन, लक्की ड्रॉ में रिद्धि खन्ना को मिला राजतिलक वाला सिक्का
हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्टा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से आयोजित 15 दिवसीय श्रीरामलीला का समापन भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ हुआ। अंतिम दिन भगवान श्रीराम के राजतिलक और हनुमान जी द्वारा अपना सीना चीरकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करवाने के प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। इन दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला के समापन पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्री नवदुर्गा रामलीला समिति अध्यक्ष साहिल बलाड़िया, पार्षद नगीना बाई, वतन बंसल और उज्ज्वल बंसल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीराम के राजतिलक के साक्षी बनकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया तथा समिति के आयोजन की सराहना की।
अंतिम दिन के मंचन में भगवान श्रीराम के लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने और राजतिलक का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। राजतिलक के दौरान मंच पर उत्सव जैसा माहौल रहा। इसके बाद हनुमान जी की भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति उनके अटूट प्रेम को दर्शाने वाला दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसमें हनुमान जी ने अपना सीना चीरकर हृदय में विराजमान भगवान श्रीराम और माता सीता के दर्शन करवाए। इस भावपूर्ण दृश्य ने दर्शकों को भक्ति भाव से भर दिया और पूरा रंगमंच जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।