– फैक्ट्री हटाओ क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति ने टिब्बी में मनाया 86वां शहीदी दिवस, देशभक्ति का दिया संदेश
हनुमानगढ़। फैक्ट्री हटाओ क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति टिब्बी, हनुमानगढ़ (राजस्थान) के तत्वावधान में शुक्रवार को महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह का शहीदी दिवस टाउन स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की अमर गाथा है। उन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में एक नया अध्याय लिखा। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीदों के संघर्ष और उनके आदर्शों को जानने की आवश्यकता है। देश की स्वतंत्रता लाखों वीर सपूतों के बलिदान से प्राप्त हुई है और ऐसे महान क्रांतिकारियों की स्मृति को जीवंत रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध कर दिया कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष ही सच्ची देशभक्ति है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































