भाजपा संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तिकरण और डिजिटल लर्निंग पर हुआ मंथन

24

– कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास और ‘मन की बात’ कार्यक्रम से जुड़ने का दिया संदेश
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन के शक्ति केंद्र मेन बाजार के बूथ संख्या 136 से 143 की संगठनात्मक बैठक दुर्गा मंदिर परिसर में नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा डिजिटल माध्यमों से वैचारिक प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों से अवगत कराना है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समय-समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा रहा है।
नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर लगातार सक्रिय रहने, आमजन से संपर्क बढ़ाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाकर ही संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
शक्ति केंद्र संयोजक दयावंती वर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रहित, सामाजिक सरोकार, जनभागीदारी और प्रेरणादायक संदेशों को अपने जीवन में अपनाने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।