भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत, श्री बालाजी सेवा समिति की छबील

20

सब्जी मंडी में 11वें वर्ष मांगो, मरिंडा, शरबत, लीची और जलजीरा का किया गया वितरण
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, मजदूरों, व्यापारियों एवं आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री बालाजी सेवा समिति एवं रेहड़ी यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य सब्जी मंडी में लगातार 11वें वर्ष छबील सेवा का आयोजन किया गया। सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों को ठंडे पेय पदार्थ वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।
छबील में आने वाले लोगों को मांगो ड्रिंक, मरिंडा, ठंडा शरबत, लीची जूस तथा जलजीरा का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच लोगों ने ठंडे पेय पदार्थ ग्रहण कर राहत महसूस की और समिति के इस सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि प्यासे को शीतल पेय उपलब्ध कराना भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ सेवा परंपरा का हिस्सा है। इसी भावना के साथ समिति पिछले 11 वर्षों से लगातार यह सेवा कार्य करती आ रही है।
कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ व्यवस्था संभाली और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को प्रेमपूर्वक ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए। सेवा शिविर में सब्जी मंडी के व्यापारियों, रेहड़ी संचालकों तथा आम नागरिकों ने भी सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर मोतीराम, पम्मी, रघुवीर, जयपाल, दीपू, जमाल, राजू सोनी, बबलू, लकी, वीरू, भरत, सुनील, भाटी, मंगल एवं अंकुश सहित समिति और रेहड़ी यूनियन के अनेक सदस्य सेवा कार्य में सक्रिय रूप से जुटे रहे। आयोजन का उद्देश्य भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को बढ़ावा देना रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।