हनुमानगढ़। नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) स्वयंसेवक भर्ती का अंतिम परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर भाजपा नेता आशीष पारीक के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा उम्मेदी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द अंतिम चयन सूची जारी करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण 7 से 9 अप्रैल 2026 तक राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया था। परीक्षण संपन्न हुए करीब 80 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की कि बोनस अंकों का परीक्षण, दस्तावेजों का सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर अंतिम चयन सूची जारी की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो सके। उन्होंने बताया कि यह भर्ती जून 2025 में शुरू हुई थी और इस संबंध में पूर्व में भी दो से तीन बार प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती 4 से 5 माह में पूरी हो चुकी है, जबकि हनुमानगढ़ जिले में प्रक्रिया अभी तक लंबित है। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से अन्य जिलों की तर्ज पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
भाजपा नेता आशीष पारीक ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को शीघ्र अंतिम परिणाम जारी कर युवाओं को राहत प्रदान करनी चाहिए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीणा ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती का अंतिम परिणाम इसी सप्ताह जारी कर दिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और चयनित अभ्यर्थियों को आगे की कार्रवाई का अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































