कुम्हार समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने पर मंथन

20

– संविधान के तहत लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जिला अध्यक्ष चुनने का लिया संकल्प, कार्यकारी समिति गठित
हनुमानगढ़। श्री कुम्हार धर्मशाला, हनुमानगढ़ में रविवार को कुम्हार समाज के युवाओं की पहल पर समाज के प्रबुद्धजनों, वरिष्ठजनों एवं युवाओं का स्नेह मिलन एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने तथा समाज को एकजुट करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने समाज के विकास के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए भविष्य की रणनीति तय की।
बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ सदस्य मनीराम कारगवाल ने की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना आवश्यक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी सहयोग, एकता और संगठन को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बैठक में सुरेंदर मारवाल ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीतिक प्रतिनिधित्व किसी भी समाज की आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कुम्हार समाज के युवाओं को सामाजिक कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि समाज को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप संगठित किया जाएगा।
इस दौरान सर्वसम्मति से एक कार्यकारी समिति के गठन का निर्णय लिया गया। समिति का दायित्व रहेगा कि वह जिले की प्रत्येक तहसील, गांव और ढाणी में जाकर समाज के लोगों से संपर्क स्थापित करेगी, उन्हें संगठन से जोड़ेगी तथा सदस्यता अभियान चलाएगी। समिति समाज के संविधान के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराकर जिला अध्यक्ष के निर्वाचन की रूपरेखा तैयार करेगी।।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।