-वार्डवासियों ने विधायक गणेशराज बंसल तक पहुंचाई आवाज, बोले—15 वर्षों से जनसेवा से जुड़े रहे, अब जिम्मेदारी देने का समय
हनुमानगढ़। वार्ड 2 व 3 के वार्डवासियों की एक बैठक जंक्शन में आयोजित हुई, जिसमें नगर परिषद के आगामी उपसभापति पद को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद वार्डवासियों ने मनोज बड़सीवाल को नगर परिषद का उपसभापति बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। वार्डवासियों ने कहा कि मनोज बड़सीवाल लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं और वार्ड की जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी मांग विधायक गणेशराज बंसल तक पहुंचाते हुए मनोज बड़सीवाल के नाम पर विचार करने का आग्रह किया।
वार्डवासियों ने कहा कि मनोज बड़सीवाल का परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र की राजनीति और जनसेवा से जुड़ा रहा है। इस दौरान पहले उनकी माता और बाद में उनके पिता पार्षद रहे तथा मनोज बड़सीवाल ने भी लगातार क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर सेवा कार्यों में भागीदारी निभाई। अब नगर परिषद के हालिया चुनाव में मनोज बड़सीवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ वार्ड 2 व 3 से जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया है। ऐसे में बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहने और जनता से जुड़े रहने के कारण मनोज बड़सीवाल को नगर परिषद में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर विचार किया जाना चाहिए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उपसभापति का चयन ऐसा होना चाहिए, जो विभिन्न समाजों और वार्डों के लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर सके तथा नगर परिषद के कामकाज को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने में योगदान दे। वार्डवासियों ने विधायक गणेशराज बंसल से मांग करते हुए कहा कि मनोज बड़सीवाल के नाम पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाए। उनका कहना था कि मनोज बड़सीवाल को उपसभापति की जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं को नगर परिषद तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बैठक में वार्डवासियों ने कहा कि नगर परिषद में नई जिम्मेदारियों के गठन के दौरान कार्यकर्ताओं और पार्षदों की सक्रियता, अनुभव तथा जनता से जुड़ाव को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर अपनी मांग विधायक तक पहुंचाने की बात कही और उम्मीद जताई कि उनकी भावनाओं को उचित मंच पर रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































