बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरकर मनाया दीपावली महोत्सव

25

महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर एवं इनर व्हील क्लब ने विद्यार्थियों को बांटी मिठाइयां, ग्रीन पटाखे देकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर एवं इनर व्हील क्लब की ओर से दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में जंक्शन स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं की सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा करते हुए उन्हें मिठाइयां एवं ग्रीन पटाखे वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम अपनी खुशियों में जरूरतमंद और वंचित वर्ग को भी शामिल करें। उन्होंने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियां बांटने का पर्व है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए क्लब की ओर से विद्यालय के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर पटाखों के कारण वातावरण में प्रदूषण बढ़ता है, जिसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ता है। ऐसे में ग्रीन पटाखों का वितरण कर बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है, ताकि बच्चे सुरक्षित तरीके से त्योहार मना सकें और पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भूमिका निभा सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।