– उपनिदेशक सुनीता शर्मा व अधिकारियों ने बताया संतुलित आहार का महत्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पेश की रचनात्मक झलक
हनुमानगढ़। अष्टम पोषण माह के तहत बुधवार को धोलीपाल सेक्टर स्तर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतीपुरा स्थित गुरुद्वारा साहिब परिसर में विविध गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसका उद्देश्य समुदाय में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला पर्यवेक्षक व स्थानीय महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषक तत्वों से भरपूर पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन प्रस्तुत किए। सभी व्यंजन स्वास्थ्यवर्धक सामग्री और हरी सब्जियों का उपयोग कर तैयार किए गए, जिससे पोषण के व्यावहारिक उदाहरण सामने आए। साथ ही परिसर में रंग-बिरंगी रंगोलियां भी बनाई गईं, जिनमें अनाज, दालें और हरी सब्जियों का उपयोग कर ‘पोषण’ का सुंदर संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक सुनीता शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि संतुलित आहार और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने दैनिक आहार में हरी सब्जियां, दालें, अनाज और फलों को शामिल करना चाहिए ताकि कुपोषण की समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके।
इस मौके पर अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मदन सुखीजा व सहायक प्रशासनिक अधिकारी मीनाक्षी ने भी पोषण और स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर और सेक्टर प्रभारी गुलजार बानो द्वारा पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था बखूबी संभाली गई।
कार्यक्रम के अंत में महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना की, जिन्होंने सृजनात्मकता और समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































