भव्य रामलीला का हुआ शुभारंभ, पहले दिन हुआ नारद मोह का मंचन

38

-गणेश पूजन के साथ शुरू हुई 41वीं रामलीला, दशहरा महोत्सव को लेकर भी तैयारियां तेज
हनुमानगढ़ । स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से आयोजित भव्य रामलीला का बुधवार को स्वामी विवेकानंद पार्क, भट्टा कॉलोनी में विधिवत शुभारंभ हुआ। रामलीला के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि ज्योति अमित साहू एवं पूर्व उपसभापति नगीना बाई सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर रामलीला का आगाज किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और रामलीला समिति के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश जी की आरती से हुई। इसके बाद रामलीला के पहले दिन नारद मोह प्रसंग का आकर्षक मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से प्रसंग को प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। मंचन के दौरान कलाकारों के संवाद, अभिनय और मंच सज्जा ने दर्शकों को प्रभावित किया।
समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से पिछले 41 वर्षों से लगातार रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और मर्यादा का जीवंत प्रतीक है। इसके माध्यम से समाज को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, सत्य, त्याग, कर्तव्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।