रावण-वेदवती संवाद और श्रवण कुमार प्रसंग ने बांधा समां

38

राम-सीता जन्म के मंचन से भक्तिमय हुआ श्रीरामलीला रंगमंच
हनुमानगढ़। टाउन की श्री रामलीला समिति (रजि.) की ओर से आयोजित श्रीरामलीला के दूसरे दिन मंचन की शुरुआत भगवान गणेश की मनमोहक झांकी से हुई। गणेश जी की आरती गुड़ खंड व्यापार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा की गई। इसके बाद रंगमंच पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। रावण-वेदवती संवाद, श्रवण कुमार प्रसंग तथा भगवान श्रीराम और माता सीता के जन्म का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शकों ने पूरे मनोयोग और श्रद्धा के साथ इन प्रसंगों का आनंद लिया। रावण की भूमिका में बहादुर सिंह ने अपने प्रभावशाली संवाद और अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दशरथ की भूमिका मुकेश स्वामी ने निभाई, जबकि श्रवण कुमार की भूमिका में उप निदेशक अशोक मिड्ढा ने भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया। श्रवण कुमार के प्रसंग के दौरान मंच पर ऐसा भावुक वातावरण बना कि दर्शक भी भाव-विभोर हो उठे। राम-सीता जन्म के मंचन ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। समिति सचिव दिनेश तलवाड़िया ने बताया कि श्री रामलीला समिति की ओर से हर वर्ष नई शैली और नए आयामों के साथ भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी सहित आमजन को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और रामायण के संदेश से जोड़ना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।