सशक्त नारी संस्थान की कौशल विकास प्रदर्शनी 7 व 8 अगस्त को होगी आयोजित

24

– महिलाओं के हुनर को मिलेगा मंच, तीज महोत्सव की तैयारियों को भी दिया अंतिम रूप
हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान की बैठक बुधवार को संस्थान की अध्यक्षा डॉ. मिताली अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 7 व 8 अगस्त को आयोजित होने वाली कौशल विकास प्रदर्शनी की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 2 अगस्त को आयोजित होने वाले तीज महोत्सव की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श कर विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए संस्थान की अध्यक्षा डॉ. मिताली अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके हुनर को समाज के सामने लाना है। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई सहित विभिन्न स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण निशुल्क प्रदान किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों से लाभान्वित महिलाओं के उत्पादों तथा अपने हुनर के बल पर परिवार का पालन-पोषण कर रही महिलाओं को एक मंच उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में घर-आधारित लघु उद्योगों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें घरेलू अचार, पापड़, बड़ी, घरेलू सर्फ, साबुन निर्माण, सिलाई से तैयार किए गए सूट, कढ़ाई की आकर्षक कलाकृतियां, लड्डू गोपाल की आकर्षक पौशाक, हस्तनिर्मित राखियां तथा अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद शामिल होंगे। इस प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘वोकल फॉर लोकल ‘ अभियान को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का अवसर भी प्राप्त होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। संस्थान की सचिव प्रीति गुप्ता ने बताया कि आगामी 2 अगस्त को महिलाओं के लिए तीज महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में तीज महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं एवं अन्य गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में संस्थापक अध्यक्षा डॉ. मिताली अग्रवाल, सचिव प्रीति गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, श्वेता बब्बर, कौशल्या वर्मा, गुंजन गजरा, रिंकल गर्ग, अंजलि बंसल, श्वेता गोयल, शिवानी स्वामी, रेनु सिंगला एवं सरोज सहित संस्थान की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।