लंगर हॉल का लोकार्पण, संगत को मिलेगी बेहतर सुविधा

34

– नगरपरिषद द्वारा 50 लाख की लागत से बने भवन का विधायक प्रतिनिधि सहित जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
हनुमानगढ़। प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक सर दरबार में गुरुवार को नगर परिषद हनुमानगढ़ द्वारा निर्मित आधुनिक लंगर हॉल का विधिवत लोकार्पण किया गया। धार्मिक वातावरण और संगत की उपस्थिति में आयोजित समारोह में विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रणवा, आयुक्त सुरेंद्र यादव, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद प्रेम मेघवाल, शेर सिंह ढिल्लों, अधिशासी अभियंता रामप्रसाद मीणा, सहायक अभियंता राकेश इंदलिया तथा कनिष्ठ अभियंता सत्यवीर कटारिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर लंगर हॉल का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए अरदास के साथ हुई। अरदास उपरांत उपस्थित अतिथियों ने लंगर हॉल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गुरुद्वारा प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने नव निर्मित भवन का अवलोकन कर इसकी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
गुरुद्वारा सभापति बलकरण सिंह ढिल्लो ने बताया कि नगर परिषद हनुमानगढ़ द्वारा लगभग 50 लाख रुपए की लागत से इस विशाल लंगर हॉल का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगत को एक सुव्यवस्थित एवं पर्याप्त स्थान की आवश्यकता महसूस हो रही थी। नए हॉल के निर्माण से अब धार्मिक आयोजनों, गुरुपर्वों, सामाजिक कार्यक्रमों तथा लंगर सेवा के दौरान बड़ी संख्या में संगतों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
समारोह के दौरान गुरुद्वारा प्रबंध समिति के प्रधान गुरबूटा सिंह व उपप्रधान जगदीप सिंह एव समस्त सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं गुरु घर का स्वरूप भेंट कर सम्मान किया गया। समिति प्रधान गुरबूटा सिंह ने नगर परिषद एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन संगत के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है, जिसका लाभ वर्षों तक क्षेत्रवासियों को मिलता रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।