– बस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग, हरप्रीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में किया प्रदर्शन
हनुमानगढ़। गांव पालेवाली ढाणी के पास कथित रूप से बस से युवतियों को नीचे उतारने के मामले ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। गांव जंडावाली, 3 यूटीएस और पालेवाली ढाणी के बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर थाना पहुंचे और संबंधित बस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर थाने के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा नेता हरप्रीत सिंह ढिल्लों ने किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बस संचालक द्वारा युवतियों को रास्ते में बस से नीचे उतार दिया गया, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में पुलिस से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यदि बस संचालकों की शिकायत पर पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकती है तो ग्रामीणों की शिकायत पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
सदर थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ग्रामीण तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे और थाने के बाहर धरना जारी रखा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































