महावीर इंटरनेशनल ने जिला अस्पताल में वितरित किए 50 बेबी किट

173

– सामाजिक सेवा की दिशा में उल्लेखनीय पहल, संस्था का उद्देश्य केवल मानव सेवा – गौरव जैन
हनुमानगढ़। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सतत रूप से कार्यरत महावीर इंटरनेशनल केंद्र की संयुक्त टीम ने मंगलवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में एक विशेष सेवा कार्य संपन्न किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी को नवजात शिशुओं के लिए 50 बेबी किट भेंट किए। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन और मरीजों के परिजनों ने संस्था के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष गौरव जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम संस्था का एक पायलट प्रोजेक्ट है, जिसे देशभर में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत समय-समय पर विभिन्न अस्पतालों में बेबी किट तथा सैनेटरी पेड का निःशुल्क वितरण किया जाता है, ताकि महिलाओं और नवजात शिशुओं की मूलभूत जरूरतों को पूरा किया जा सके। अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल किसी जाति, धर्म या सम्प्रदाय से जुड़ी संस्था नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य केवल और केवल मानव सेवा है। वीरा सेन्टर अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बताया कि संस्था भगवान महावीर के सिद्धांतों “अहिंसा, सत्य, करुणा और सेवा” को जीवन में उतारकर समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने बताया कि संस्था की टीमें जरूरतमंद क्षेत्रों में पहुंचकर समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित करती हैं। संस्था का यह प्रयास है कि नवजात शिशुओं को जन्म के बाद स्वच्छता और सुरक्षा के साथ जीवन की शुरुआत मिले।
इस मौके पर संस्था के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल स्टाफ ने भी सहयोग किया और सभी ने इस मानवीय पहल की सराहना की। महावीर इंटरनेशनल का यह कार्य निश्चित ही अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत है। इस मौके पर जयपाल जैन, दीपक जैन, डॉ. रूचिका अग्रवाल, कोमल मोरजानी, रितिका छाबड़ा, पायल चिलाना, अविशी छाबड़ा व अन्य सदस्य मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।