नगर परिषद चुनाव: वार्ड 42 में भाजपा प्रत्याशी विनीता निशांत बत्रा के कार्यालय का भव्य शुभारंभ

44

नुक्कड़ सभा में उमड़ी भारी भीड़, कांग्रेस दावेदार एड. अमिताभ सैनी ने दिया समर्थन; भाजपा नेताओं ने कहा—’कड़ी से कड़ी जुड़ेगी तो खत्म होगी जलभराव की समस्या’
हनुमानगढ़ टाउन। नगर परिषद चुनाव को लेकर हनुमानगढ़ में सियासी पारा पूरी तरह चढ़ चुका है। इसी चुनावी गहमागहमी के बीच वार्ड नंबर 42 से भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती विनीता निशांत बत्रा के मुख्य चुनावी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ और विशाल नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा और पूरे वार्ड में चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान चुनाव कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन वयोवृद्ध केवल बत्रा, ज्योति सहू, भाजपा प्रत्याशी श्रीमती विनीता निशांत बत्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित सहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर वार्ड की राजनीति में बड़ा मोड़ तब आया जब कांग्रेस की ओर से टिकट की दावेदारी कर रहे एडवोकेट अमिताभ सैनी ने खुलकर भाजपा प्रत्याशी विनीता निशांत बत्रा को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उनके इस कदम से वार्ड में भाजपा की स्थिति और अधिक मजबूत मानी जा रही है।
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू और भाजपा नेता अमित सहू ने कहा कि पूरे शहर में बदलाव की लहर है और नगर परिषद में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए वे विनीता बत्रा को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद बोर्ड में भेजें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।