ढ़ाई घंटे के ड्रामे के बाद बिहार में मोदी बहार, कोर्ट जाएगी आरजेडी

नीतीश कुमार ने छठी बार बिहार के मुख्यमंत्री के रुप में शपथ ले ली है। उन्होंने बुधवार की शाम को ही इस्तीफा दिया था।

0
375

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 6वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनके नए सहयोगी बीजेपी नेता सुशील मोदी ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इसी के साथ बिहार में नए गठबंधन की शुरुआत हो गई है। अन्य म‍ंत्रियों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल ने बहुमत परीक्षण 28 जुलाई को कराने का निर्णय लिया है। कहा जा रहा है कि विश्वास मत हासिल करने के बाद नीतीश अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। ऐसी खबर है कि दोनों पार्टियों के कोटे से 14-14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस बीच, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वे कोर्ट जाएंगे।

बता दें कि बुधवार शाम को सियासी ड्रामे का अंत कुछ ऐसा ही हुआ कि बिहार की राजनीति में सबकुछ बदल गया। सत्ता पर विराजमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण इस्तीफा दे दिया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद बीजेपी के समर्थन से उनकी सत्ता में वापसी भी तय हो गई।

छठी बार सीएम बने नीतीश
– नीतीश छठी बार सीएम बने हैं। इससे पहले उन्होंने दो बार आरजेडी के सपोर्ट से सरकार बनाई थी।
– पहली बार (एनडीए के साथ) –3 मार्च 2000 से 10 मार्च 2000 तक (7 दिनों के लिए)
– दूसरी बार (एनडीए के साथ) – 24 नवंबर 2005 से 26 नवंबर 2010
– तीसरी बार (एनडीए के साथ) – 26 नवंबर 2010 से 20 मई 2014 तक
– चौथी बार (आरजेडी के सहयोग से) – 22 फरवरी 2015 से 20 नवंबर 2015 तक
– पांचवीं बार (महागठबंधन-कांग्रेस, आरजेडी और जेडीयू) – 20 नवंबर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक।
– छठी बार:27 जुलाई, 2017 एनडीए के साथ।

कांग्रेस ने नीतीश कुमार को बताया धोखेबाज

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर जोरदार हमला साधा है। राहुल ने महागठबंधन टूटने पर कहा कि नीतीश कुमार ने धोखा दिया है। राहुल ने कहा कि 3-4 महीने से हमें पता था कि ये प्लानिंग चल रही है। अपने स्वार्थ के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है। कांग्रेस ने नीतीश कुमार को बताया धोखेबाज।

ये भी पढ़ें: बिहार संकट: शह मात के इस खेल को समझनें के लिए पढ़िए ये 15 प्वाइंट्स

आरजेडी ने शपथ ग्रहण रोकने की मांग की थी

दूसरी ओर राजद ने तेजस्वी यादव की अगुवाई में देर रात राजभवन तक मार्च किया। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के राज्यपाल के पास संविधान बचाने का ऐतिहासिक मौका है। सरकार बनाने का न्यौता नीतीश को देने और शपथ ग्रहण का समय सुबह दस बजे ही कर देने के विरोध में आरजेडी और कांग्रेस के विधायकों ने राजभवन तक मार्च किया। यह मार्च आरजेडी नेता तेजस्वी और तेजप्रताप के नेतृत्व में हुआ। तेजस्वी के साथ पांच आरजेडी नेता राज्यपाल से मिले। पूरे बिहार में आरजेडी आज विरोध प्रदर्शन करेगी।

राजभवन में इस्तीफा देने के बाद जैसे ही नीतीश कुमार ने बाहर आकर मीडिया को संबोधित किया, इस बीच ही पीएम मोदी ने ट्वीट कर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में जुड़ने की बात कहते हुए नीतीश कुमार को बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा ”भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लड़ाई में जुड़ने के लिए नीतीश कुमार जी को बहुत-बहुत बधाई। सवा सौ करोड़ नागरिक ईमानदारी का स्वागत और समर्थन कर रहे हैं।”इसके बाद पीएम मोदी ने एक और ट्वीट किया और लिखा ”देश के, विशेष रूप से बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ एक होकर लड़ना, आज देश और समय की मांग है।”

नीतीश कुमार ने भी पीएम मोदी की बधाई पर शुक्रिया किया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा ”हमने जो निर्णय लिया उस पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट के द्वारा दी गई प्रतिक्रिया के लिए उन्हें तहेदिल से धन्यवाद।”

आप अन्य ख़बर पढ़ने के लिए नीचे लिखे लिंक पर क्लिक कर के पढ़ सकते हैं –

रूचि के अनुसार खबरें देखने के लिए इन लिंक पर किल्क करें

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं)