सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

158

– श्रद्धालुओं ने किया जल-दूध से अभिषेक, शिवमय हुआ वातावरण
हनुमानगढ़। 
सावन मास के पहले सोमवार को लेकर शहरभर में भक्तिभाव की विशेष छटा देखने को मिली। प्रातःकाल से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा व पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह से शिवमय हो गया।
श्रीनीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास द्वारा जंक्शन स्थित देवभूमि परिसर में संचालित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। शिव भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े रहकर अपने आराध्य के दर्शन किए और श्रद्धा भाव से जलाभिषेक कर पूजा की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।
पंडित धर्मेन्द्र तिवाड़ी के सान्निध्य में विधिवत पूजा सम्पन्न करवाई गई। पूजा कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति नगीना बाई, नगर परिषद एक्सईएन रामप्रसाद मीणा, प्रन्यास अध्यक्ष अश्विनी नारंग, महावीर शर्मा, महेश लकेसर, शांतीलाल बिस्सा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान शिव-पार्वती की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, शहद, दही और घी से रुद्राभिषेक किया। साथ ही बेलपत्र, कनेर के फूल व आक-धतूरा चढ़ाकर भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। सुबह से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं व बुजुर्ग शामिल थे। मंदिर प्रांगण में भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और शिव स्तुति से वातावरण अत्यंत पावन बना रहा। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान, छायादार पंडाल व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
प्रन्यास अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने बताया कि सावन सोमवार का यह पर्व शिवभक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव की आराधना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और दिनभर भगवान शिव के भजन-कीर्तन में लीन होकर पुण्य अर्जित किया। शहर के अन्य शिवालयों में भी सुबह से ही रौनक बनी रही। हनुमानगढ़ के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा शहर भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।