आसाराम, रामरहीम के बाद अब दाती महाराज पर लगा शिष्या से दुष्कर्म का आरोप, बाबा फरार

राजस्थान के पाली में भी बाबा का एक बड़ा फार्म हाउस है। जहां 800 से ज्यादा अनाथ बच्चियां रखती है।

0
519

राजस्थान: दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित प्रसिद्ध शनिधाम मंदिर के संस्थापक दाती मदन महाराज भी शिष्या से दुष्कर्म के आरोपों में घिर गए हैं। वे मूलत: पाली जिले के आलावास निवासी हैं। 25 साल की शिष्या ने तीन दिन पहले दाती महाराज के खिलाफ शिकायत की थी। रविवार को दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि दाती महाराज ने फरवरी 2016 में उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया।

पहली बार शनिधाम मंदिर में और दूसरी बार राजस्थान में। दाती महाराज के खिलाफ लगाई गई 4 धाराओं में से 2 गैर-जमानती हैं। आरोपों के बाद से दाती महाराज दिल्ली आश्रम से गायब हैं। उनके राजस्थान में होने की सूचना है। इससे पहले आसाराम और रामरहीम भी शिष्याओं से दुष्कर्म के मामले में सजा पा चुके हैं। डीसीपी साउथ रोमिल बानिया ने बताया कि पीड़िता मूलरूप से यूपी की है। अभी वह दिल्ली में रहती है। वह 2007 से 2014 तक दाती आश्रम में बतौर शिष्या रही थी। पुलिस ने बताया कि दाती महाराज को नोटिस भेजा जाएगा। इस केस में उनके अलावा दो पुरुष व दो महिलाएं भी नामजद की गई हैं।

पीड़िता बोली- 2016 में मंदिर में किया था दुष्कर्म, बाबा की धमकी से डरकर अब तक चुप थी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दाती महाराज के उपदेश सुनने वह नियमित तौर पर आश्रम जाती थी। दाती महाराज के एक सहयोगी ने उनसे मुलाकात करवाई। इसके बाद 2007 से 2014 तक वह सेवादार के तौर पर आश्रम में रही। बाद में परिवार के साथ रहने लगी, लेकिन आश्रम में आना-जाना लगा रहा। इसी बीच, फरवरी 2016 में पहली बार मंदिर में उसके साथ दुष्कर्म किया।

फिर गुरुकुल आश्रम पाली में संबंध बनाएं। पीड़िता के अनुसार दाती महाराज ने उसे पुलिस में शिकायत नहीं करने के लिए धमकाया। युवती का दावा है कि डर के मारे वह इतने समय तक चुप रही। परिवार की बदनामी का भी डर था। पीड़िता के परिजनों ने कहा कि उन्होंने बेटी को दाती महाराज के सरंक्षण में आश्रम में छोड़ा था। वहां वह सेवादार के तौर पर काम करती थी।

4 धाराओं में केस दर्ज, 20 साल तक की सजा संभव
-376 (दुष्कर्म)  20 साल तक की सजा संभव है। जमानत साक्ष्यों पर निर्भर करती है।
-377 (अप्राकृतिक संबंध)  7 से 14 साल तक की सजा संभव है। जमानत भी मुश्किल।
-354 (छेड़छाड़)  3 से 7 साल तक की सजा संभव। जमानत कोर्ट के विवेक पर निर्भर है।
-506 (धमकी)  3 से 7 साल तक की सजा संभव। जमानत थाने से ही मिल सकती है।

कौन है दाती महाराज?
दाती महाराज का असली नाम मदन है। वे आमतौर पर न्यूज चैनलों पर राशिफल बताते हैं राजस्थान के पाली में भी बाबा का एक बड़ा फार्म हाउस है। जहां 800 से ज्यादा अनाथ बच्चियां रखती है। उनकी खुद की वेबसाइट भी है। लोगों को राशिफल बताने के अलावा दाती महाराज समाज सेवा के लिए भी जाने जाते हैं। लड़कियों को पढ़ाने-लिखाने में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। इसके लिए वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं।

यह भी पढ़ें:

रूचि के अनुसार खबरें पढ़ने के लिए यहां किल्क कीजिए

ताजा अपडेट के लिए लिए आप हमारे फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल को फॉलो कर सकते हैं