– पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक बोले—जनहित की राजनीति ही सच्ची सेवा
हनुमानगढ़। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिलेभर में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ कई गतिविधियां आयोजित कर गहलोत के आदर्शों को याद किया।
जिला मुख्यालय स्थित राजकीय अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिली। इसके साथ ही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए तथा गोवंश को गुड़ व हरा चारा खिलाकर सेवा कार्य किया गया। कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला मुख्यालय पर केक काटकर भी पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए गहलोत के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री पवन गोदारा ने अपने संबोधन में कहा कि अशोक गहलोत का जीवन संघर्ष, सेवा और सादगी की मिसाल है। उन्होंने कहा कि गहलोत ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हमेशा गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी है। उनकी योजनाओं और नीतियों ने समाज के कमजोर वर्गों को मजबूती प्रदान की है।
पवन गोदारा ने आगे कहा कि आज के दौर में जब राजनीति में मूल्यों का ह्रास हो रहा है, ऐसे समय में गहलोत का आदर्श नेतृत्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गहलोत के बताए मार्ग पर चलते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक ने कहा कि गहलोत ने राजनीति में ईमानदारी, पारदर्शिता और धैर्य के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की मिसाल पेश की है। उनके अनुभव और दूरदर्शिता ने प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए संकल्प लिया कि जनसेवा के इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा और समाज के हर वर्ग तक राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर प्रेमराज नायक सदस्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी, सीताराम कड़वा जिलाध्यक्ष अनुसूचित विभाग जिला कांग्रेस कमेटी, राजेन्द्र प्रसाद पूर्व उपप्रधान, रामकुमार गोदारा, संजय नायक राकेश मेघवाल, राकेश चांवरिया, उग्रीम रोयल, बंजरग नायक, कुलदीप अम्बेडकर,विनोद चांवरिया, बंताराम मेहरड़ा, राजेंद्र कुमार नायक, मनफुल राम, गुरजीत भूपेंद्र कुमार मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































