हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सर्किट हाउस, हनुमानगढ़ जंक्शन में जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में परिषद के संगठनात्मक विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ब्लॉक संगरिया के गांव शेरगढ़ में परिषद की नई इकाई का गठन करते हुए सर्वसम्मति से विजयपाल को इकाई अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने नवनियुक्त अध्यक्ष विजयपाल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयपाल समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ ही वृक्ष मित्र के रूप में भी कार्य करते हैं। मिलनसार एवं हंसमुख स्वभाव के विजयपाल का गौसेवा के प्रति भी विशेष जुड़ाव है। उन्होंने विश्वास जताया कि विजयपाल के नेतृत्व में गांव शेरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय युवक परिषद की सेवा गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीण स्तर पर संगठन को और मजबूती प्रदान होगी।
नवनियुक्त इकाई अध्यक्ष विजयपाल ने जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन सहित परिषद के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। परिषद के नियमों एवं सेवा संकल्पों का पालन करते हुए तन-मन-धन से समाजहित में कार्य करेंगे तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र में सेवा गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































