-विधायक गणेशराज बंसल व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने पूजा-अर्चना कर यात्रा को किया शुभारंभ
हनुमानगढ़। श्याम अखाड़ा श्रृंगार सेवा समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा आयोजित धार्मिक बस यात्रा का रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुभारंभ किया गया। जंक्शन स्थित अंबेडकर चौक से खाटू श्याम एवं सालासर धाम के लिए रवाना हुई इस यात्रा को विधायक गणेशराज बंसल एवं पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ (बब्बी) ने विधिवत पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा में शामिल 55 श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन के लिए रवाना हुए। आयोजन स्थल पर धार्मिक माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की।
समिति के सदस्य संगम गर्ग एवं सुरेश कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि श्याम अखाड़ा श्रृंगार सेवा समिति द्वारा हर माह इस प्रकार की धार्मिक यात्राओं का आयोजन किया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को एक साथ तीर्थस्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य समाज में धार्मिक भावना को बढ़ावा देना और लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ना है।
यात्रा रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद लिया और सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की। आयोजन में शामिल लोगों ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और धार्मिक एकता मजबूत होती है।
इस मौके पर आकाश भार्गव, कोमल, लवली शर्मा, विशेष सिडाना, अजय साउंड, दिव्यम डोडा, पूजा, अंजली एवं जन्नत अरोड़ा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे और यात्रा के सफल संचालन में सहयोग किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































