पतंजलि महिला योग समिति की राज्य स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न, सुजाता सुखानी जिला मंत्री नियुक्त

38

– योग, आयुर्वेद और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ लिया संगठन विस्तार का संकल्प
हनुमानगढ़। महिला पतंजलि योग समिति द्वारा जयपुर स्थित महाराजा अग्रसेन विकास ट्रस्ट, नंदपुरी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला का समापन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यशाला में प्रदेशभर के 41 जिलों से आई महिला योग साधिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए योग, आयुर्वेद, स्वदेशी एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की महिला मुख्य केंद्रीय प्रभारी पूज्य साध्वी डॉ. देव प्रिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का भी आधार है। उन्होंने महिलाओं से योग एवं भारतीय संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सरिता गुर्जर ने सभी जिलों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति के सहयोग से पतंजलि योग समिति समाज में सकारात्मक परिवर्तन का कार्य कर रही है। कार्यशाला में योगाभ्यास, आयुर्वेदिक जीवनशैली, प्राकृतिक चिकित्सा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हनुमानगढ़ जिले से जिला सहप्रभारी सुजाता सुखानी एवं तहसील प्रभारी अचला वर्मा ने कार्यशाला में सहभागिता निभाई। सुजाता सुखानी के उत्कृष्ट संगठनात्मक कार्य एवं सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें जिला सह प्रभारी से पदोन्नत कर जिला मंत्री नियुक्त किया गया। इस घोषणा पर उपस्थित महिलाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।