टिप्पर की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, समस्त वार्डवासियों ने उठाई थी: हेवन सिटी निवासी

34

-पार्षद गुरदीप सिंह चहल के बयान पर वार्डवासियों की नाराजगी, बोले- जनहित के कामों का श्रेय लेने के बजाय समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें
हनुमानगढ़। हेवन सिटी कॉलोनी के वार्डवासियों ने पार्षद गुरदीप सिंह चहल द्वारा टिप्पर की मांग को लेकर अखबार में दिए गए बयान पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया है कि टिप्पर की मांग किसी एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि समस्त वार्डवासियों ने मिलकर चेयरमैन के समक्ष रखी थी। वार्डवासियों का कहना है कि कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से उन्होंने चेयरमैन को टिप्पर की आवश्यकता से अवगत करवाया था। ऐसे में इस सामूहिक मांग को किसी एक व्यक्ति से जोड़कर प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
वार्डवासी साहबराम ने कहा कि कॉलोनी में टिप्पर चालू करवाने के लिए किससे और किसके माध्यम से मांग की गई थी, इसकी जानकारी सभी कॉलोनीवासियों को है। वार्ड के लोग अपनी समस्याओं को लेकर जागरूक हैं और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास से जुड़े मुद्दों पर सभी की सामूहिक भागीदारी है, इसलिए किसी एक व्यक्ति को इसका श्रेय देना सही नहीं है।
वार्डवासियों ने लगभग दो-तीन महीने पहले कॉलोनी में पानी की निकासी को लेकर हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गुरदीप सिंह चहल द्वारा मीडिया को बुलाकर पानी की निकासी बंद करवाने की धमकी देने की बात सामने आई थी। वार्डवासी अमरचंद का सवाल है कि यदि उन्हें कॉलोनी के लोगों की समस्याओं की इतनी चिंता थी, तो उस समय पानी की निकासी रुकवाने के बजाय समस्या के समाधान को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई? उनका कहना है कि पानी की निकासी कॉलोनीवासियों की मूलभूत जरूरत थी और इसका समाधान होना आवश्यक था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।