-ट्रांसफार्मर-पोल शिफ्ट करने, जर्जर खंभे बदलने और लटकते तार हटाने की मांग, ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की रखी मांग
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 9 में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पार्षद मनप्रीत सिंह सैनी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने 22 अक्टूबर को विद्युत विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से वार्ड में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर और खंभों को उचित स्थान पर स्थानांतरित करने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने तथा विद्युत खंभों पर लटक रहे अनुपयोगी पुराने तारों को हटाने की मांग की गई। वार्डवासियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. विजय के घर और शिव परिवार ड्राईक्लीन के बीच विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। इसके साथ दो विद्युत खंभे भी लगे हुए हैं। इस ट्रांसफार्मर और दोनों खंभों को राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 2 के पास किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करवाने की मांग की गई। इसके अलावा राजू ज्वैलर्स के सामने, शनि मंदिर वाली गली के प्रवेश स्थान पर लगा विद्युत पोल आम रास्ते के बीच में होने के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा है। वार्डवासियों ने इस पोल को थोड़ा पीछे उचित स्थान पर लगाने की मांग की, ताकि लोगों और वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके।
ज्ञापन में वार्ड के विभिन्न विद्युत खंभों पर लटक रहे पुराने, अनुपयोगी और अनावश्यक तारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वार्डवासियों के अनुसार पुराने विद्युत कनेक्शन हटाने अथवा मीटर बदलने के दौरान संबंधित तारों को हटाने के बजाय खंभों पर ही छोड़ दिया गया। वर्तमान में कई स्थानों पर ये तार नीचे की ओर लटक रहे हैं, जिससे आमजन और पशुओं की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इन तारों के कारण दो बार पशुओं की मृत्यु की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस संबंध में बिजली बिल वितरित करने वाले कर्मचारियों को मौखिक रूप से अवगत करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































