– गुरुद्वारा गुरु नानक सर प्रेम नगर में धार्मिक आयोजन, समाज के गणमान्यजन हुए शामिल
हनुमानगढ़। गुरुद्वारा गुरु नानक सर प्रेम नगर में शुक्रवार को महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद ऊधम सिंह का 86वां शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कंबोज महासमिति हनुमानगढ़ एवं गुरुद्वारा गुरुनानकसर की संपूर्ण संगत के संयुक्त तत्वावधान में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर शहीद ऊधम सिंह के राष्ट्र के प्रति अद्वितीय बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंबोज महासमिति के जिला अध्यक्ष रविंदरपाल सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सुखमणि साहिब के पाठ से हुआ, जिसके पश्चात संगत ने गुरु घर में अरदास कर देश की खुशहाली, आपसी भाईचारे एवं विश्व शांति की कामना की। इसके बाद प्रसिद्ध दाढ़ी जत्था मेजर सिंह खालसा सुल्तानपुर लोधी ने उधम सिंह के जन्म से लेकर शहादत तक जीवनी का गुणगान किया। उनके मधुर एवं भावपूर्ण कीर्तन से उपस्थित संगत गुरु भक्ति में सराबोर हो गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीद ऊधम सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका जीवन देशभक्ति, साहस, त्याग और बलिदान का अनुपम उदाहरण है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































