चक 2 केएनजे की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का अल्टीमेटम

103

हनुमानगढ़। नगरपालिका क्षेत्र में शामिल किए जा चुके चक 2 केएनजे के ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 जुलाई 2026 तक उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो वे हनुमानगढ़-सूरतगढ़ मार्ग पर चक्का जाम कर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में ग्राम पंचायत रहे चक 2 केएनजे को अब नगरपालिका में शामिल कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई बार प्रशासन के समक्ष समस्याएं उठाने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि गांव की टूटी हुई पुलियों का शीघ्र निर्माण कराया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके। कचरे से बंद पड़ी नालियों की सफाई कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती की जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जोहड़ पायतन की सफाई करवाई जाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए पट्टे, जो वर्तमान में नगरपरिषद के पास लंबित हैं, उन्हें संबंधित लोगों को वितरित किया जाए। लंबे समय से बंद पड़ी मनरेगा योजना को पुनः शुरू कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गांव में नई सड़कों और नालियों का निर्माण करवाने की मांग भी उठाई गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।