हनुमानगढ़। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित जिले की गोलूवाला और पीलीबंगा नगरपालिका में मतदान हुआ। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं। प्रदेश में दूसरे चरण के तहत 147 निकायों के 4,774 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है।
हनुमानगढ़ में मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर तकनीकी और विवाद की घटनाएं भी सामने आईं। वार्ड संख्या 42 के बूथ नंबर 92 पर ईवीएम में खराबी आने के कारण करीब 71 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। अधिकारियों ने मशीन की तकनीकी समस्या को दूर करने के बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई।
इसी बीच सुरेशिया क्षेत्र में बूथ संख्या 129-130 के पास दो प्रत्याशियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद की स्थिति बन गई। मामला बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के बाद मतदान प्रक्रिया को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। नगर निकाय चुनाव को लेकर इस बार राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने वार्ड स्तर पर व्यापक प्रचार किया था। स्थानीय मुद्दे चुनाव प्रचार के केंद्र में रहे। सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, पार्क और शहर के विकास जैसे मुद्दों को लेकर प्रत्याशियों ने मतदाताओं से समर्थन मांगा। मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए।
अब सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसी दिन हनुमानगढ़ नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के परिणाम सामने आएंगे और स्पष्ट होगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना भरोसा जताया। इसके बाद नगर निकाय के अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































