श्याम महोत्सव-2025 का भव्य शुभारम्भ

132

विशाल शोभायात्रा के साथ हनुमानगढ़ में गूंजी ‘जय श्री श्याम’ की स्वर लहरियां
हनुमानगढ़ । जय श्री श्याम परिवार कला मंडल प्रबंध समिति (रजि.) हनुमानगढ़ द्वारा आयोजित 20वें श्याम महोत्सव का शुभारम्भ गुरुवार को अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ हुआ। महोत्सव 11 दिसम्बर से 14 दिसम्बर 2025 तक नियोजित है। प्रथम दिन आज टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण से बाबा खाटू श्याम की विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया।  शोभायात्रा का शुभारम्भ मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल की धर्मपत्नि पूर्व नगरपालिका चेयरपर्सन सन्तोष बंसल,पूर्व पार्षद मंजू रणवा,भूपेंद्र नेहरा,मुस्ताक मोहम्मद टाक,नगरपरिषद सहायक अभियंता राकेश इंदलिया, सहायक अभियंता सत्यवीर कटारिया ने पुजा अर्चना व आरती करके किया । आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और शोभायात्रा आगे बढ़ी। शोभायात्रा से पूर्व मुख्य यजमान देवेंद्र मित्तल सपत्नी व समस्त भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर बाबा श्याम के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।शोभायात्रा में रथ पर विराजमान श्री श्याम प्रभु की भव्य झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। जहां-जहां से शोभायात्रा गुजरी, वहां श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। रथ के आगे निशान लिए श्रद्धालुओं की टोली और उनके पीछे सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं व पुरूष आकर्षक छटा बिखेर रही थीं। यह अद्भुत दृश्य देखने के लिए मार्गों के दोनों ओर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करते नज़र आए। शोभायात्रा की प्रमुख विशेषताओं में फूलों की होली, आकर्षक झांकियां तथा नयना भिराम श्रृंगार शामिल रहे। बाबा का श्रृंगार दिनेश शर्मा एंड ग्रुप द्वारा अत्यंत भव्य व मनोहारी रूप में सजाया गया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी नगरपालिका चौतीना कुआं हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुई। श्याम भगत दिनेश शर्मा ने बताया कि 11 से 14 दिसम्बर तक आयोजित यह चार दिवसीय महोत्सव भक्तिभाव, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक उत्साह का संगम बनेगा। महोत्सव के दूसरे दिन 12 दिसम्बर (शुक्रवार) को रात 9.15 बजे से रॉयल पैराडाइज, हनुमानगढ़ टाउन में विशाल श्याम जागरण आयोजित होगा, जो प्रभु इच्छा तक चलेगा। जागरण में खाटू श्याम का अलौकिक दरबार, आकर्षक श्रृंगार और छप्पन भोग की विशिष्ट प्रस्तुति दी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।