-महावारी पर खुलकर चर्चा, सेनेटरी पैड उपयोग व सही खान-पान पर दिया जोर
हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान की ओर से प्रथम महिला शिक्षिका एवं समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जन्म जयंती सप्ताह के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को विशेषकर महावारी (मासिक धर्म) के दौरान स्वच्छता, सही देखभाल एवं पोषण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महिलाओं से महावारी जैसे विषयों पर खुलकर बात करने और इस दौरान सेनेटरी पैड का नियमित उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति नगीना बाई रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संचिता आहुजा एवं डाईटिशियन पूजा मित्तल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक व अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संचिता आहुजा ने महिलाओं को महावारी के समय होने वाली सामान्य समस्याओं जैसे दर्द, कमजोरी, संक्रमण एवं हार्मोनल बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर संकोच करने की बजाय सही जानकारी और स्वच्छता पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने नियमित सफाई, समय-समय पर सेनेटरी पैड बदलने और किसी भी परेशानी में चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
डाईटिशियन पूजा मित्तल ने महावारी के दौरान संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस दौरान आयरन, कैल्शियम एवं प्रोटीन युक्त भोजन महिलाओं के लिए बेहद आवश्यक है। हरी सब्जियां, फल, दालें और पर्याप्त पानी का सेवन करने से कई समस्याओं से बचा जा सकता है।
मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने अपने संबोधन में कहा कि आज भी समाज में महावारी जैसे विषय पर खुलकर बात नहीं की जाती, जबकि जागरूकता ही महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने सशक्त नारी संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































