श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में भव्य श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का आयोजन

228

हनुमानगढ़। टाउन के सेक्टर नंबर 3 स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में पांच कुंडीय महायज्ञ के साथ आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ धार्मिक उत्साह, आस्था और उल्लास के वातावरण में संपन्न हो रहा है। यह आध्यात्मिक आयोजन 9 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का रसपूर्ण व भावपूर्ण वाचन आचार्य श्री कृष्ण देव जी महाराज (गोधूलि पुरम, श्रीधाम वृंदावन) के श्रीमुख से किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक चल रही है, जिसमें श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं। कथा सप्ताह के पांचवें दिन यजमानों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर आचार्य श्री कृष्ण देव जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने पूतना वध, तृणावर्त संहार, माखन चोरी, गोवर्धन पर्वत धारण तथा ब्रज की गोपियों के प्रति श्रीकृष्ण के प्रेमपूर्ण व्यवहार की कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान 56 भोग भी अर्पित किया गया, जिसे देखकर पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथावाचक ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि वे जीवन के गूढ़ रहस्यों और गहन संदेशों को प्रकट करती हैं। पूतना वध असत्य, अधर्म और पाखंड के विनाश का प्रतीक है, जबकि गोवर्धन पर्वत धारण की कथा हमें प्रकृति संरक्षण, सामूहिकता और आत्मनिर्भरता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का सम्पूर्ण जीवन धर्म, नीति, करुणा और प्रेम का साक्षात उदाहरण है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। आयोजन समिति ने हनुमानगढ़ शहर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा श्रवण का लाभ लें और धर्म, भक्ति व संस्कारों से जुड़ें। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में  श्रीनिवास मितल,गौरव मितल ललित जैन, अरुण अग्रवाल, मनोहर कोचर, रवी जागिड़, शुभम कांनसरिया, अशोक अग्रवाल एवं पुरुषोत्तम शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।