देशव्यापी मजदूर हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान, लेबर कोड व निजीकरण का विरोध

141

हनुमानगढ़। एफ.सी.आई. बचाओ, खाद्य सुरक्षा बचाओ एवं मजदूर एकता संघर्ष जिंदाबाद के नारों के साथ 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी मजदूर हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को टाउन सेंट्रल वेयर हाउस गोदाम के मुख्य गेट पर सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में पल्लेदार मजदूरों ने भाग लिया और सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष आत्मा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा व आरएसएस समर्थित मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए चारों लेबर कोड मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं। इन कोड्स को पूंजीपति घरानों के फायदे के लिए बनाया गया है, जिससे मजदूरों के अधिकार समाप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 नवंबर 2025 को चार लेबर कोड लागू कर सरकार ने मजदूरों के शोषण का रास्ता खोल दिया है।
यूनियन अध्यक्ष आत्मा सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा यह प्रचार किया जा रहा है कि लेबर कोड लागू होने से मजदूरों को समय पर वेतन मिलेगा, लेकिन सच्चाई यह है कि पुराने कानूनों में वेतन नहीं देने पर मालिकों पर भारी जुर्माना और जेल का प्रावधान था, जिसे अब खत्म कर दिया गया है। इससे मालिकों की मनमानी बढ़ेगी और मजदूर कमजोर होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए मजदूर नेता बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि न्यूनतम वेतन, बोनस, यूनियन अधिकार और श्रम विभाग की भूमिका को कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वेतन संहिता के तहत लाखों मजदूरों को कानून के दायरे से बाहर कर दिया गया है, जिससे संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के मजदूरों को नुकसान होगा।
वक्ताओं ने अनाज मंडियों में निजी कंपनियों द्वारा गेहूं की खरीद पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि मंडियों और वेयर हाउस को ब्लॉकों में बांटकर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। इससे न केवल खाद्य सुरक्षा को खतरा है, बल्कि मजदूरों की एकता तोड़ने की साजिश भी है। इसे “फूट डालो और राज करो” की नीति बताते हुए इसका संगठित विरोध करने का आह्वान किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।