हनुमानगढ़ टाउन में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन

119

चौधरी मनीराम कॉलेज में समाज, संस्कृति और एकता पर हुआ सारगर्भित मंथन
हनुमानगढ़ टाउन के सेक्टर नंबर 3 स्थित चौधरी मनीराम कॉलेज परिसर में आज विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू समाज की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और आपसी एकता को सुदृढ़ करना रहा। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि सत्यनारायण चमड़िया रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विजय आनंद जी शास्त्री, महंत बाबा पूर्ण गिरी (सचिव, हनुमान मंदिर डेरा गुसाइयां ट्रस्ट) एवं झमन लाल शास्त्री मंचासीन रहे। सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता सुरेश शेखावत थे, जिन्होंने अपने विचारों से उपस्थित जनसमूह को मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती एवं महापुरुषों के चित्रों के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर मोहनलाल द्वारा प्रस्तुत किए गए सुमधुर भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात विजय आनंद शास्त्री एवं झमन लाल शास्त्री ने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज की मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू समाज सदैव सभी धर्मों का सम्मान करने वाला रहा है। उन्होंने श्लोकों के माध्यम से सहिष्णुता, करुणा और वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को सरल शब्दों में समझाया। मुख्य वक्ता सुरेश शेखावत ने विराट हिंदू सम्मेलन के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने समाज में संस्कार, संगठन और सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए युवाओं और महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उनके संबोधन को उपस्थित जनसमूह ने गंभीरता से सुना और सराहा।सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की सफलता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अंत में अतिथियों का शाल ओढ़ाकर एवं समिति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। यह सम्मान राजकुमार, ललित जैन, अनिल बंसल, मनोज बंसल, मांगीलाल शर्मा, विनोद वर्मा, जगदीश शर्मा, सोहनलाल, प्रशांत सियाग, अमित, मदन पूनिया, धीरज पेड़ीवाल, निशांत जैन, राजीव वर्मा, हेमंत, दलीप सिंधी एवं राजपाल द्वारा किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।