– देशभर से आए प्रतिभागियों ने भटनेर दुर्ग, भद्रकाली मंदिर और कालीबंगा संग्रहालय सहित ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण
हनुमानगढ़। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और यहां की ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक विरासत से लोगों को परिचित करवाने के उद्देश्य से ऑफ रोड फॉर लाइफ क्लब की ओर से डेजर्ट जूम-दो इवेंट का आयोजन पल्लू स्थित गुलाबगढ़ रिसोर्ट में किया गया। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने जिले के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर यहां की समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव किया।
कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों की यात्रा हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजवी पैलेस से प्रारंभ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को जिले के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान उन्होंने प्राचीन ऐतिहासिक धरोहर भटनेर दुर्ग का अवलोकन किया और वहां के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। भटनेर दुर्ग को जिले की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहचान माना जाता है और यह किला अपनी प्राचीन वास्तुकला और गौरवशाली इतिहास के लिए प्रसिद्ध है।
इसके बाद प्रतिभागियों को आस्था के प्रमुख केंद्र भद्रकाली मंदिर के दर्शन करवाए गए। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक परंपरा को महसूस किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने कालीबंगा संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुरातात्विक वस्तुएं और ऐतिहासिक अवशेष प्रदर्शित हैं। संग्रहालय में मौजूद पुरावशेषों ने प्रतिभागियों को प्राचीन सभ्यता की झलक दिखाते हुए जिले के गौरवशाली अतीत से परिचित कराया।
इवेंट के दौरान प्रतिभागियों को बड़ोपल झील का भी अवलोकन करवाया गया, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इसके बाद यात्रा का अगला पड़ाव पल्लू स्थित माता ब्रह्माणी मंदिर रहा, जहां सभी ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात गुलाबगढ़ रिसोर्ट में आयोजित डेजर्ट सफारी के माध्यम से प्रतिभागियों को मरुस्थलीय क्षेत्र की रोमांचक यात्रा का अनुभव कराया गया। रेतीले टीलों के बीच आयोजित इस गतिविधि ने सभी प्रतिभागियों को रोमांच और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में राणिया हरियाणा के विधायक अर्जुन सिंह चौटाला ने विशेष रूप से भाग लिया और आयोजन की सराहना की। इसके साथ ही प्रसिद्ध पंजाबी गायक प्रेम ढिल्लों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए ऐसे आयोजनों को क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































