डीग की राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में मक्कासर के पहलवानों ने लहराया परचम

39

-दो स्वर्ण समेत चार पदक जीतकर लौटे पहलवान, गांव पहुंचने पर निकाला विजयी जुलूस
हनुमानगढ़। मक्कासर गांव के सुखा सिंह अखाड़े के पहलवानों ने डीग में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर हनुमानगढ़ जिले का नाम रोशन किया। पहलवानों की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है।
ज्ञात रहे कि उक्त मैच में दिलबर सिंह के फाईनल में चोटिल होने के कारण फाईल कुश्ती बीच में छोड़नी पड़ी, इस लिए नैशनल प्रतियोगिता के कैम्प में दिलबर सिंह का पुनः ट्रायल होगा। सोमवार को प्रतियोगिता से लौटने पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने पहलवानों का जोरदार स्वागत किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सुखा सिंह अखाड़े के पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया। 87 किलोग्राम भार वर्ग में संकेत फौजी ने शानदार मुकाबलों के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 110 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ लिंबा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। 130 किलोग्राम भार वर्ग में दिलबर सिंह ने रजत पदक जीतकर अखाड़े की उपलब्धियों में इजाफा किया, जबकि 72 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
चार पदक जीतकर सोमवार को हनुमानगढ़ लौटे पहलवानों के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। जंक्शन शहर से मक्कासर गांव तक डीजे के साथ विजयी जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पहलवानों का अभिनंदन करते हुए उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।