शेरगढ़ सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने रोडवेज बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग

31

– जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, बंद निजी बस सेवा भी बहाल करने की मांग
हनुमानगढ़। शेरगढ़, दौलतपुरा, बसीर, कुलचन्द्र, सहरानी, बचैर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय से गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने विकास बेनीवाल के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस क्षेत्र के ग्रामीणों को पिछले करीब सात-आठ दिनों से निजी बस सेवा बंद होने के कारण आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि शेरगढ़ सहित क्षेत्र के कई गांव जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ से हरियाणा सीमा तक के गांवों को जोड़ने वाले रूट पर स्थित हैं। इन गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कार्यों, रोजगार, व्यापार तथा निजी कार्यों के लिए हनुमानगढ़ आते-जाते हैं। इसके अलावा किसान, मजदूर और कर्मचारी भी अपने कार्यों के लिए जिला मुख्यालय पर निर्भर हैं।
विकास बेनीवाल ने बताया कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्यार्थी हनुमानगढ़ स्थित विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करने के लिए प्रतिदिन आवागमन करते हैं। निजी बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों के साथ-साथ कर्मचारियों, मजदूरों और अन्य ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त निजी बस सेवा के अलावा इन गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए परिवहन का कोई समुचित साधन उपलब्ध नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।