– तीसरे प्रयास में मिली सफलता, पति और परिवार के सहयोग को दिया श्रेय
हनुमानगढ़। मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। हनुमानगढ़ की बहू निधि बंसल का चयन गुजरात सिविल जज परीक्षा दो हजार पच्चीस में सिविल जज के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
निधि बंसल का जन्म हरियाणा के शाहबाद मारकंडा में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय कैलाश चंद्र बंसल और माता श्रीमती अंजलि बंसल हैं। उनके दादा स्वर्गीय जगदीश प्रसाद बंसल थे, जिन्हें क्षेत्र में ममेरी वाला के नाम से भी जाना जाता था। बचपन से ही निधि बंसल पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी शिक्षा के दौरान निरंतर मेहनत और लगन का परिचय दिया।
निधि बंसल ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा से विधि स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वर्ष दो हजार सत्रह में उसी विश्वविद्यालय से विधि स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने न्यायिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में लगातार तैयारी करती रहीं।
वर्ष 2017 में उनकी शादी राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी कार्तिक बंसल के साथ हुई। कार्तिक बंसल वर्तमान में आयकर विभाग में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और उनकी नियुक्ति गुजरात में है। शादी के बाद भी निधि बंसल ने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और परिवार के सहयोग से न्यायिक सेवा की तैयारी जारी रखी।
निधि बंसल ने बताया कि इस सफलता के पीछे उनके पति कार्तिक बंसल का सबसे बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पति ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कठिन समय में भी उन्होंने निरंतर सहयोग दिया, जिससे वह अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ता से बढ़ती रहीं।
उन्होंने बताया कि न्यायिक सेवा परीक्षा में उन्हें पहले दो प्रयासों में असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के साथ तीसरे प्रयास में उन्होंने सफलता प्राप्त की। उनका मानना है कि असफलता हमें और अधिक मजबूत बनाती है और सफलता के लिए प्रेरित करती है।
निधि बंसल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पति के साथ-साथ अपने ससुराल और पीहर पक्ष को भी दिया। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के सहयोग और आशीर्वाद से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































