तपती गर्मी में बेजुबान जीवों के लिए राहत अभियान शुरू

28

-सशक्त नारी संस्थान ने लगाए परिंडे व पानी की टंकियां, जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों और जानवरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सशक्त नारी संस्थान द्वारा एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। संस्थान ने शहर में “परिंडा एवं जल सेवा अभियान” प्रारंभ करते हुए पक्षियों के लिए तथा जानवरों के लिए पानी की टंकियां विभिन्न स्थानों पर स्थापित करवाईं। इस अभियान का शुभारंभ विधायक संजीव बेनीवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, पूर्व जिला प्रमुख दमयंती बेनीवाल, संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट मित्ताली अग्रवाल तथा अन्य सदस्यों की उपस्थिति में संयुक्त रूप से किया गया।
अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ों की छांव में परिंडे लगाए गए, ताकि पक्षियों को भीषण गर्मी में पीने के पानी की सुविधा मिल सके। वहीं आवारा एवं बेजुबान जानवरों के लिए प्रमुख स्थानों पर पानी की टंकियां रखवाई गईं, जिससे उन्हें भी राहत मिल सके। इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने लोगों से अपील भी की कि वे इन परिंडों और टंकियों की देखरेख में सहयोग करें और नियमित रूप से इनमें पानी भरते रहें।
संस्थान की संस्थापक मित्ताली अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे गर्मी के मौसम में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सामाजिक स्थानों पर संस्थान के सदस्य जिम्मेदारी लेकर इन परिंडों और टंकियों की देखरेख करेंगे, ताकि कोई भी बेजुबान प्यासा न रहे। उन्होंने आमजन से भी इस अभियान से जुड़ने और सेवा कार्य में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विधायक संजीव बेनीवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी पानी की अत्यंत आवश्यकता होती है। ऐसे में सशक्त नारी संस्थान का यह प्रयास बेहद सराहनीय है और समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को इस प्रकार के सेवा कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए, जिससे पर्यावरण और जीव-जंतुओं का संरक्षण संभव हो सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।