Jabalpur Tragedy: मां के सीने से लिपटा मिला 4 साल के बच्चे का शव, कलेजा चीर देगी तस्वीर

130

मध्य प्रदेश के Jabalpur स्थित Bargi Dam में गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी की चपेट में आकर डूब गया। अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, अभी भी 4 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय क्रूज में 43 से 47 के बीच पर्यटक सवार थे, जबकि आधिकारिक तौर पर केवल 29 यात्रियों के टिकट ही जारी किए गए थे। यह हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ। उस समय हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई, जिससे क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद सामने आई एक तस्वीर ने पूरे मामले को और भी मार्मिक बना दिया है। तस्वीर में एक चार साल का बच्चा अपनी मां से लिपटा हुआ नजर आया। बताया जा रहा है कि कुछ ही समय पहले दोनों क्रूज पर सवार होकर अन्य यात्रियों के साथ घूम रहे थे, लेकिन अचानक आई इस आपदा ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।

अपनी लाइफ जैकेट में 4 साल के बच्चे को इस तरह समेटे मिली मां।

ये भी पढ़ें: पलक झपकते ही सब गायब, क्या है जबलपुर का बरगी बांध? 9 लोगों की मौत कई लापता

इस हादसे में दिल्ली की रहने वाली एक महिला और उसके चार साल के बेटे की भी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब दोनों के शव बरामद किए गए, तब बच्चा अपनी मां की गोद में सीने से चिपका हुआ मिला। यह दृश्य राहत और बचाव दल के लिए भी बेहद भावुक करने वाला था। जानकारी के मुताबिक, परिवार में पति, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी शामिल थे। हादसे के दौरान पिता और बेटी किसी तरह सुरक्षित बच गए, लेकिन मां और बेटा क्रूज के भीतर ही फंस गए थे।

9 लोगों के शव मिले, इनमें एक बच्चा और 8 महिलाएं

  1. श्रीमती नीतू सोनी (43), निवासी कोतवाली, जबलपुर
  2. श्रीमती सौभाग्यम अलागन (42), निवासी अन्नानगर, वेस्ट तारापुरम, तमिलनाडु
  3. श्रीमती मधुर मैसी (62), निवासी खाजन बस्ती, नई दिल्ली
  4. श्रीमती काकुलाझी पति/पिता कामराज (38), निवासी वेस्ट लैंड खमरिया, जबलपुर
  5. श्रीमती रेशमा सैयद (66), निवासी सिविल लाइन, भसीन आर्केड, जैक्सन होटल के पास
  6. शमीम नकवी (68), निवासी डेरखी, भोपाल
  7. मरीना मैसी पति प्रदीप मैसी (39), निवासी दिल्ली
  8. त्रिशान पिता प्रदीप मैसी (4), निवासी दिल्ली
  9. श्रीमती ज्योति सेन, निवासी फूटाताल,घमापुर के आगे, जबलपुर

तीन बच्चे समेत 4 लोग अब भी लापता

  1. श्रीतमिल पिता कामराज (5)
  2. कामराज पिता श्रीरामालिंगम
  3. विराज सोनी पिता श्री कृष्णा सोनी (6)
  4. मयूरम पिता श्री परिमल (9)

पीएम और सीएम ने जताया शोक 
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवार जनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। वे दोपहर 4 बजे जबलपुर पहुंच सकते हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी जबलपुर पहुंचे हैं, लेकिन उनका हैरान करने वाला बयान सामने आया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- नर्मदा में पेट्रोल-डीजल बोट पर रोक है। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल को शाम करीब 5:15 बजे पर्यटक क्रूज से Narmada River में भ्रमण कर रहे थे। लगभग 5:30 बजे खमरिया टापू के पास अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी, तूफान और ऊंची लहरों के कारण क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते क्रूज पानी में डूब गया। जबलपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के अनुसार, क्षेत्र में सुबह से ही तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे जोखिम बना हुआ था।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। साथ ही पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम खराब होने की स्थिति में जल परिवहन गतिविधियों को तुरंत रोक देना चाहिए था, ताकि ऐसी त्रासदी से बचा जा सके।

चैनल को सब्सक्राइब करें..



देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।