अनाज मंडी मजदूर यूनियन ने मनाया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस

31

हनुमानगढ़। सीटू से संबंधित अनाज मंडी मजदूर यूनियन की ओर से शुक्रवार को जंक्शन के लाल चौक पर स्थित अनाज मंडी मजदूर यूनियन कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। यूनियन अध्यक्ष वली शेर ने लाल झंडारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर मौजूद मजदूरों ने एकजुट होकर अपने हकों के लिए संघर्ष करने की शपथ ली। इस दौरान युनियन सचिव सुल्तान खान ने देश के हालात, पूंजीवादी लूट व शोषण, भाजपा सरकार की ओर से मेहनतकश जनता को बांटने की साजिशों, दंगे फसाद की आड़ में महंगाई बेरोजगारी और मजदूरों के तीव्र शोषण की सच्चाई बताई और मई दिवस की विरासत से सीखकर व्यापक एकता बनाने और हक के संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही लंबे संघर्षों से हासिल मजदूर अधिकारों में डकैती, मजदूर विरोधी लेबर कोड, निजीकरण, मजदूरों पर बढ़ रहे दमन, गैरकानूनी बंदी, छंटनी, ठेका प्रथा के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। प्रधान वली शेर ने कहा कि मई दिवस 8 घंटा काम, 8 घंटा आराम, 8 घंटा मनोरंजन की मांग के ऐतिहासिक संघर्ष का दिन है। अमेरिका के शिकागो के मजदूरों की शहादत और लगातार जारी विकट संघर्षों ने पूंजीपति वर्ग को अपनी मांग मनाने को मजबूर किया था। इसीलिए यह शहीदों को याद करने व पूंजीपति वर्ग की ओर से मजदूर वर्ग के शोषण-उत्पीडन के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प दिवस है। इस मौके पर सुल्तान खान, वारिस अली, वली शेर, मुकद्दर अली, गुरमेल सिंह, सहीराम, रामू, खेमा, हुक्माराम, मदद अली, नारायण, सुच्चा सिंह आदि मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।