अष्टम पोषण पखवाड़ा के समापन पर पोषण मेले का आयोजन, व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

26

– बच्चों के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क विकास पर जोर, जागरूकता बढ़ाने के लिए किए गए विविध कार्यक्रम
हनुमानगढ़। 
बाल विकास परियोजना अधिकारी, हनुमानगढ़ ग्रामीण के तत्वावधान में अष्टम पोषण पखवाड़ा के समापन अवसर पर शुक्रवार को पोषण मेले का भव्य आयोजन किया गया। यह पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक “जीवन के प्रथम 6 वर्षों में अधिकतम मस्तिष्क विकास” थीम पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के तहत ब्लॉक हनुमानगढ़ के आठ परिक्षेत्रों से मानदेय कार्मिकों एवं महिला पर्यवेक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय और सुलभ सामग्री से तैयार किए गए पौष्टिक आहार को प्रस्तुत किया गया। यह प्रदर्शनी आमजन के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस दौरान पोषण पखवाड़े के अंतर्गत किए गए जन-जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती ज्योति रेपस्वाल एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती सुनीता शर्मा ने मेले में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के प्रारंभिक छह वर्ष उनके मस्तिष्क के समुचित विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इस अवधि में संतुलित एवं पौष्टिक आहार देना बेहद आवश्यक है।
महिला पर्यवेक्षक श्रीमती कमलजीत कौर ने आमजन को आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध पोषाहार के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर में उपलब्ध साधारण सामग्री से भी बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है। साथ ही जंक फूड के दुष्परिणामों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।